जिलाध्यक्ष का इस्तीफा : भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल का इस्तीफा, संगठन में खींचतान और दबाव के लगाए गंभीर आरोप
Rameshvar Vaishnaw
Thu, Nov 26, 2026
सारंगढ़-बिलाईगढ़। भारतीय जनता पार्टी के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला अध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को सौंपते हुए इसे स्वीकार करने का आग्रह किया है। इस घटनाक्रम के बाद जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
प्रभारी मंत्री और जिला महामंत्री पर गंभीर आरोप
प्रदेश अध्यक्ष को भेजे गए पत्र में ज्योतिलाल पटेल ने जिले के संगठनात्मक हालात और आंतरिक खींचतान को इस्तीफे की मुख्य वजह बताया है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के कार्यकलापों से सरकार की छवि प्रभावित हो रही है और जिले में पार्टी कमजोर पड़ रही है।
इसके अलावा, पटेल ने जिला महामंत्री अमित तिवारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे संगठन को अपने अनुरूप संचालित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी सारंगढ़ नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए अपनी पसंद के उम्मीदवारों के चयन को लेकर उन पर लगातार अनुचित दबाव बनाया जा रहा था।
तनाव का हवाला, शीर्ष नेतृत्व को भेजी प्रतिलिपि
ज्योतिलाल पटेल के अनुसार, संगठन की विपरीत परिस्थितियों के चलते वे चिंतित और तनावग्रस्त थे, जिसके कारण उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने अपने इस्तीफे की प्रतिलिपि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) कमलेश सिंह तथा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मार्कण्डेय को भी प्रेषित की है।
आगे की रणनीति पर निगाहें
जिला अध्यक्ष के इस अचानक इस्तीफे और वरिष्ठ नेताओं पर लगाए गए आरोपों के बाद जिले में भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति तथा प्रदेश नेतृत्व के संभावित कदमों को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन