बकरा चोरी का ऐसा ‘हाई-प्रोफाइल’ स्टाइल : सियाज में आए, बकरियों के मुंह पर टेप चिपकाया और सीधे हवालात पहुंचे, ‘VIP’ बकरा चोर गैंग बेनकाब!
Subhas Gupta
Thu, Nov 26, 2026
सूरजपुर। बकरा-बकरी चोरी के लिए आमतौर पर साइकिल, बाइक या खटारा जुगाड़ का इस्तेमाल होता सुना जाता है, लेकिन सूरजपुर के लटोरी क्षेत्र में सक्रिय इस गिरोह के ‘अंदाज़’ ही निराले थे। आरोपी बाकायदा सफेद सियाज कार (CG 10 V 9456) से वारदात करने निकलते थे और बकरियों की ‘मैं-मैं’ से पोल न खुल जाए, इसलिए उनके मुंह पर प्लास्टिक टेप चिपका देते थे। हालांकि, इनकी यह ‘हाई-प्रोफाइल’ बकरा चोरी 24 नवंबर को सोनवाही जंगल के पास पुलिस की घेराबंदी में आकर थम गई।
7 हजार रोज़ की ‘लक्ज़री’ चोरी और पूरा गैंग सलाखों के पीछे
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन व एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में बनी विशेष टीम ने मुखबिर तंत्र के जरिए इस गिरोह को दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में अमीनुल्लाह खान (25), राकेश सिंह (28), मदन दास (19), दिलचन्द दास उर्फ ममता (19), गणेश कुमार मरावी (24) और कार मालिक अजीत पैकरा (26) शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि वाहन स्वामी अजीत पैकरा हर रात 7,000 रुपये के किराए पर अपनी सियाज कार उपलब्ध कराता था। सवाल यह है कि बकरियों की कीमत और 7 हजार रुपये रोज़ के कार किराए का गणित आखिर कैसे बैठ रहा था? खैर, चोरी का माल खरीदने वाले नुरुल्लाह खान (45) को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिसके पास से 2 बकरे बरामद किए गए हैं।
रेकी, प्लास्टिक टेप और 5 वारदातों का खुलासा
आरोपियों का तरीका भी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं था। वे वारदात वाली जगह पर 2-3 घंटे पहले पहुंचकर रेकी करते, दरवाजा तोड़कर अंदर घुसते और बकरा-बकरी के मुंह पर प्लास्टिक टेप चिपका देते ताकि कोई आवाज न हो।
करवा (01-02 नवंबर): मोहम्मद मुस्लिम अंसारी के घर से 2 बकरा और 2 बकरी चोरी (अपराध क्र. 325/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस)।
जगतपुर (20-21 नवंबर): सुरेश कुमार कुशवाहा के घर से 3 बकरा और 2 बकरी चोरी (अपराध क्र. 335/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस)।
पूछताछ में गिरोह ने लटोरी के 2, खड़गवां के 2 और सरगुजा के लखनपुर के 1 मामले समेत कुल 5 वारदातें कबूली हैं। आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड भी कम ‘रंगीन’ नहीं हैं नुरुल्लाह पहले बगीचा में बकरा चोरी, दिलचन्द बाइक चोरी और कार मालिक अजीत रामानुजगंज ज्वेलरी शॉप चोरी में शामिल रह चुका है।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
पुलिस ने सियाज कार, लोहे की रॉड, पेचकस और प्लास्टिक टेप जब्त कर लिए हैं। संगठित अपराध के लिए धारा 112 बीएनएस और चोरी का माल खरीदने पर नुरुल्लाह के खिलाफ धारा 317(4) बीएनएस जोड़ी गई है। चौकी प्रभारी लटोरी सुनील सिंह समेत पूरी पुलिस टीम की मुस्तैदी से इस ‘सियाज गैंग’ की सवारी सीधे हवालात पहुंच गई।
विज्ञापन
विज्ञापन