सीएम के कार्यक्रम के दौरान भाजपा की गुटबाजी आई सामने : दो नेताओं ने विधायक और आयोजकों पर लगाए उपेक्षा के आरोप
Subhas Gupta
Sat, Nov 28, 2026
छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में बलरामपुर में आयोजित करमा महोत्सव के दौरान भारतीय जनता पार्टी के भीतर की गुटबाजी और आपसी खींचतान खुलकर सामने आ गई। कार्यक्रम के मंच पर स्थान और सम्मान न मिलने के आरोपों को लेकर भाजपा के दो स्थानीय नेताओं ने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई है, जिससे जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
पूर्व मंडल अध्यक्ष ने की शिकायत, विधायक पर लगाए आरोप
वाड्रफनगर जनपद पंचायत के सभापति, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष भगवान दास केशरी ने मंच पर स्थान न मिलने पर नाराजगी जाहिर की। मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।
घटना के बाद भगवान दास केशरी ने भाजपा जिलाध्यक्ष को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा है, जिसमें उन्होंने स्थानीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते पर पुराने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। पत्र में केशरी ने दावा किया है कि पूर्व महामंत्री, पूर्व मंडल अध्यक्ष और कई बार से बलंगी क्षेत्र के जनपद सदस्य रहने के साथ-साथ उन्होंने विपक्ष में रहते हुए लाठी-डंडे खाए, मुकदमे झेले और घर का धान बेचकर व बैंक से केसीसी (KCC) ऋण लेकर पार्टी के कार्यक्रमों तथा 2023 के विधानसभा चुनाव में कार्य किया। केशरी के अनुसार, चुनाव जीतने के बाद विधायक द्वारा पुराने कार्यकर्ताओं को यह कहकर उपेक्षित किया जाता है कि वे पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा और कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के समर्थक हैं।
जिला पंचायत सदस्य ने भी जताई नाराजगी
दूसरी ओर जिला पंचायत सदस्य अनुसुइया वर्मा ने भी कार्यक्रम के दौरान उचित सम्मान और मंच पर स्थान न दिए जाने का आरोप लगाया है। वर्मा का कहना है कि दलित वर्ग से होने के कारण उन्हें कार्यक्रम में अनदेखा किया गया।
समाधान के लिए बैठक बुलाने की मांग
अपने पत्र में भगवान दास केशरी ने भाजपा जिलाध्यक्ष से आग्रह किया है कि वाड्रफनगर और रघुनाथनगर मंडल के पुराने एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की तत्काल बैठक बुलाई जाए, ताकि गुटबाजी और उपेक्षा की इस समस्या का समाधान किया जा सके। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में हुए इस घटनाक्रम को लेकर विपक्षी दलों और स्थानीय राजनीति में बयानबाजी शुरू हो गई है, हालांकि इस पूरे मामले में विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते या पार्टी संगठन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आनी बाकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन