पुलिस अधीक्षक की कार्रवाई : बस स्टैंड के पास जुए के फड़ से खुला मिलीभगत का राज: प्रतापपुर थाना प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित
Subhas Gupta
Sat, Nov 28, 2026
सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर में जुए के फड़ को संरक्षण और कार्रवाई में लापरवाही बरतने के मामले में पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने प्रतापपुर थाना प्रभारी सहित पांच पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र सूरजपुर संबद्ध कर दिया है। दरअसल 27 को प्रतापपुर बस स्टैंड के पास जुआ संचालित होने की सूचना पर जिला स्तरीय टीम ने दबिश देकर जुआरियों के विरुद्ध कार्रवाई की थी और मौके से 99,600 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 7 मोबाइल फोन तथा कई वाहन जब्त किए थे। इसी दबिश के दौरान यह तथ्य सामने आया कि यह जुए का फड़ प्रतापपुर निवासी जयभगवान अग्रवाल द्वारा थाना प्रतापपुर के पुलिस कर्मियों के साथ मिलीभगत कर खिलवाया जा रहा था, जिस पर प्रथम दृष्ट्या पुलिसकर्मियों की संदिग्ध भूमिका और समय रहते जुआ फड़ पर कार्रवाई न किए जाने को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने निरीक्षक एवं थाना प्रभारी दिनेश पुरैना, उपनिरीक्षक विवेक खलखो, आरक्षक 618 राजेश तिवारी, आरक्षक 847 भीमेश आरमो और आरक्षक 698 राजकुमार पासवान को निलंबित कर दिया।

जारी आदेश के तहत निलंबित अधिकारी व कर्मचारी सक्षम अधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के बिना न तो अपना मुख्यालय छोड़ सकेंगे और न ही कर्तव्यों से अनुपस्थित रहेंगे, जबकि निलंबन अवधि में इन्हें वित्तीय नियमों के अंतर्गत केवल नियमानुसार देय जीवन निर्वाह भत्ता ही प्राप्त होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन