ब्रेकिंग

मेहंदी, रंगोली एवं स्वस्थ शिशु प्रतियोगिताओं में महिलाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी

दीयों की चकाचौंध में गुम हुई गोबरी नदी की टूटी पुलिया: तेल के दाम से रसोई ठंडी, पर भाषणों से सूरजपुर हुआ ‘रोशन’!

ताली, थाली और अब दिया,‘दीया टास्क’,

PM मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में भाजपा चलाएगी 'सेवा संकल्प अभियान'

संतुष्टि का धन, कवित्री डॉ. पूनम माटिया

सूचना

राष्ट्रीय पोषण माह : मेहंदी, रंगोली एवं स्वस्थ शिशु प्रतियोगिताओं में महिलाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी

Rajesh Soni

Mon, Sep 21, 2026

सरगुजा। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, अंबिकापुर द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत ग्राम लहपटरा, विकासखंड लखनपुर (जिला सरगुजा) में व्यापक पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं, बच्चों एवं आमजन को संतुलित आहार, स्वच्छता, मातृ-शिशु स्वास्थ्य तथा कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर मेहंदी, रंगोली एवं स्वस्थ शिशु प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने रंगोली और मेहंदी के माध्यम से पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी संदेशों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के जरिए बच्चों के पोषण स्तर, स्वच्छता एवं समुचित देखभाल के महत्व को रेखांकित किया गया, जिससे अभिभावकों में जागरूकता बढ़ी।

महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती मीना ने पोषण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के खान-पान, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही गर्भवती एवं धात्री माताओं के पोषण एवं कुपोषण की रोकथाम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम में आकांक्षी विकासखंड लखनपुर से नीति आयोग की प्रतिनिधि सुश्री सुभिता शुक्ला भी उपस्थित रहीं। उन्होंने ग्रामीणों को संतुलित आहार, स्वच्छता और बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक पोषण संबंधी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि परिवार स्तर पर पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाकर बच्चों के समुचित विकास और कुपोषण की समस्या को प्रभावी ढंग से कम किया जा सकता है।

केंद्रीय संचार ब्यूरो, अंबिकापुर के ब्यूरो प्रभारी श्री हिमांशु सोनी ने पोषण माह के उद्देश्यों एवं विभाग द्वारा संचालित जन-जागरूकता अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पोषण संबंधी सही जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि समाज को कुपोषण मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से पोषणयुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को रोचक एवं प्रभावी बनाने हेतु समर्पण लोक कला मंच के कलाकारों द्वारा लोकगीत एवं लोक कला प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से मनोरंजन के साथ-साथ पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी संदेशों का प्रभावी संप्रेषण किया गया, जिसे उपस्थित ग्रामीणों ने सराहा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को यह संदेश दिया गया कि पोषण केवल एक माह तक सीमित न रहकर वर्षभर की जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। आयोजन में महिलाओं, बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें