टाइगर रिजर्व या मूक जीवों का कसाईखाना : चांदनी-बिहारपुर में शावक की लावारिस लाश ने खोल दी विभाग के 'सुरक्षा कवच' की पोल!
Rajesh Soni
Thu, Nov 12, 2026
सूरजपुर। एक तरफ सूबे में ‘टाइगर रिजर्व’ के बड़े-बड़े ढोल पीटे जा रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ जमीनी हकीकत यह है कि जंगलों में मूक प्राणियों की जान भगवान भरोसे चल रही है। मामला सूरजपुर जिले के चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र का है, जहां एक ओर खूंखार ‘कबरा कान वाला हाथी’ ग्रामीणों की नींद उड़ाए हुए है, वहीं दूसरी ओर गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के जंगल में हाथी के एक 2-3 वर्षीय शावक का सड़ता हुआ शव मिलने से महकमे के दावों की हवा निकल गई है।
गश्त के नाम पर खानापूर्ति या गहरी नींद?
सवाल यह उठता है कि क्या विभाग के नुमाइंदों की आंखें तब खुलेंगी जब पूरा जंगल ही खाली हो जाएगा? मोहरसोप-कछवारी मुख्य मार्ग के पास जुड़वानिया लालमाटी जंगल में मिले शावक का शव 2 से 3 दिन पुराना बताया जा रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस जंगल में नियमित गश्त और चौकसी का दावा किया जाता है, वहां दो-तीन दिन तक एक शावक का शव लावारिस हालत में पड़ा रहता है और जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगती। क्या विभाग के कर्मचारी सिर्फ कागजी घोड़े दौड़ाने में मस्त है?
प्रभारी रेंजर की कार्यशैली पर सुलगता गुस्सा
क्षेत्र के ग्रामीणों में गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान पार्क परिक्षेत्र महुली के प्रभारी रेंजर की कार्यशैली और गायब रहने की संस्कृति को लेकर भारी आक्रोश है। जनता का सीधा आरोप है कि जब क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही सिर चढ़कर बोल रही है और इंसानों की जान पर आ बनी है, तब जिम्मेदार अधिकारी नदारद रहते हैं। हाथी के शावक की इस संदेहास्पद मौत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मानव-हाथी संघर्ष रोकने के लिए कागजों पर बनी योजनाएं जमीन पर सिर्फ कागज़ का टुकड़ा ही साबित हो रही हैं।
सवालों के घेरे में महकमा
क्या नियमित गश्त सिर्फ कागजों पर सिमट कर रह गई है?
क्या शावक की मौत भूख, बीमारी, आपसी संघर्ष या किसी साजिश का नतीजा है?
विभाग और टाइगर रिजर्व प्रबंधन के बीच का लचर समन्वय कब तक बेकसूरों की जान लेता रहेगा?
फिलहाल ग्रामीणों ने घटनास्थल की निष्पक्ष जांच और हाथियों की सुरक्षा के नाम पर खानापूर्ति करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि कुंभकर्णी नींद सो रहा विभाग इस मामले में लीपापोती करता है या वाकई कोई ठोस कदम उठाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन