उजाड़ दिया एक महीने में क्रूर व्यवस्था ने सब कुछ : पत्नी को ट्रैक्टर ने कुचला, तो पति को व्यवस्था और दबाव ने टावर पर लटका दिया!
Rajesh Soni
Thu, Nov 12, 2026
सूरजपुर। जिले के चांदनी बिहारपुर से जो खबर सामने आई है, वह किसी भी संवेदनशील इंसान की रूह को कंपा देने के लिए काफी है। यह सिर्फ एक खबर नहीं, बल्कि उस अमानवीय व्यवस्था और सिस्टम की चीख है, जो गरीबों के आंसुओं का सौदा करती है। ठीक कुछ ही दिन पहले जिस घर से सुहाग उजड़ा था, आज उसी घर के मुखिया यानी पति संजय जायसवाल की लाश विद्युत टावर से झूलती हुई मिली है। सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ एक आत्महत्या है, या इस देश के लाचार सिस्टम द्वारा किया गया एक प्रायोजित कत्ल?
एक महीने में उजड़ गई पूरी दुनिया
बीती 17 अक्टूबर को ग्राम पंचायत कुबेरपुर में एक दर्दनाक हादसे ने चंद्रावती जायसवाल की जान ले ली थी। एक पत्नी, एक मां, सड़क हादसे में हमेशा के लिए खामोश हो गई। उसके बाद भड़का ग्रामीणों का आक्रोश महज़ न्याय की गुहार था। लेकिन इस न्याय की लड़ाई को सत्ता, पुलिस और स्थानीय राजनीति के चक्रव्यूह में ऐसा उलझाया गया कि हंसता-खेलता परिवार चंद दिनों में नेस्तनाबूद हो गया।
दबाव और प्रताड़ना का काला साया
घटना के बाद से ही मृतका के पति संजय जायसवाल पर जुल्म और मानसिक प्रताड़ना का पहाड़ टूट पड़ा था। सूत्र बताते हैं कि ओडगी थाने से संजय को बार-बार फोन करके प्रताड़ित किया जा रहा था। वह अपने मासूम बच्चों और गांव के सरपंच को लेकर थाना भी गया था, लेकिन अंदर बंद दरवाजों के पीछे उस पर क्या-क्या जुल्म ढहाए गए, कौन सा दबाव बनाया गया—यह आज उस विद्युत टावर से लटकी लाश बयां कर रही है। लगातार धमकियों और पुलिस के खौफ से वह अंदर से पूरी तरह टूट चुका था। जो इंसान अपनी पत्नी के जाने के गम से उबरा नहीं था, उसे सिस्टम ने ऐसा घेरा कि उसने मौत को गले लगाना बेहतर समझा शायद।
खामोश तमाशबीन मंत्री और राजनीति की भेंट चढ़ा इंसान
इस पूरे घटनाक्रम में राजनीति का स्याह चेहरा भी बेनकाब हुआ। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े कुबेरपुर पहुंची थीं, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठाए और जमकर फटकार भी लगाई, लेकिन नतीजा क्या निकला? नतीजा यह हुआ कि स्थिति जस की तस बनी रही, गरीबों पर फर्जी मुकदमे और फंसाने की राजनीति का खेल चलता रहा।
कौन वे लोग है जो बार बार पुलिस अधिकारियों के पास जाकर फर्जी ढंग से फसाए गए लोगों को गिरफ्तार करने की मांग कर दबाव बनाते रहे? यह सवाल आज हर उस शख्स की जुबान पर है, जो इस साजिश की आग में इस परिवार को झुलसते देख रहा था। स्वार्थी तत्वों के इसी गंदे खेल ने एक बेगुनाह को मौत के मुँह में धकेल दिया।

अब कौन देगा जवाब?
आज कुबेरपुर में हर आँख नम है और हर कोई पूछ रहा है इसके असली जिम्मेदार कौन हैं?
वे कौन से पुलिसकर्मी और अधिकारी हैं, जो लगातार फोन कर संजय को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे?
वे कौन लोग हैं जो पर्दे के पीछे से लगातार दबाव बना रहे थे?
एक ही महीने के भीतर एक घर से मां का साया भी छिन गया और पिता का भी। पीछे छूट गए हैं तो सिर्फ दो मासूम बच्चे, जो अब इस बेरहम दुनिया में यह भी नहीं समझ पा रहे कि आखिर उनका कसूर क्या था। क्या न्याय मांगने की सजा मौत होती है?
यह आत्महत्या नहीं, बल्कि उस भ्रष्ट और संवेदनहीन तंत्र की जीत है, जो इंसान की सांसों से ज्यादा अपनी फाइलों और दबाव की राजनीति को अहमियत देता है।
यह घटना हमारे समाज और कानून व्यवस्था के माथे पर एक ऐसा कलंक है, जिसे कभी मिटाया नहीं जा सकता। उम्मीद है कि इस हृदय विदारक घटना की निष्पक्ष जांच होगी और उन चेहरों को बेनकाब किया जाएगा, जिन्होंने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन